Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही मानसूनी बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में अगले 24 घंटों के भीतर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने और तेज गर्जना की भी आशंका है।

राज्य के विभिन्न जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान है। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। संभावित आपदा को ध्यान में रखते हुए राज्य आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं।

उल्लेखनीय है कि राज्य में मानसूनी वर्षा के कारण जगह-जगह मलबा और बोल्डर गिरने से संपर्क मार्ग बाधित हो रहे हैं, जिससे स्थानीय निवासियों के साथ-साथ पर्यटकों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने अगली कुछ घंटों को संवेदनशील बताते हुए सतर्कता बरतने की सख्त सलाह दी है।


Spread the love
Ad