Spread the love

चंपावत। टनकपुर-पूर्णागिरि मार्ग पर बीती रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गेंडाखाली के पास तेज रफ्तार मैक्स वाहन ने सड़क किनारे खड़ी एक कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार के पीछे खड़े पांच युवक घायल हो गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

टनकपुर से आ रही एक तेज रफ्तार मैक्स जीप ने गेंडाखाली के समीप सड़क किनारे खड़ी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के पास खड़े युवक उसकी चपेट में आ गए। इस दुर्घटना में निर्मल सिंह (25 वर्ष) पुत्र शिवराज सिंह निवासी कार्की फार्म, टनकपुर की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में योगेश सिंह (24), पवन सिंह कनवाल (25), महेश बोहरा (24), मोहित कनवाल (28) और मैक्स चालक राकेश बोहरा (35) घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को तत्काल टनकपुर उपजिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जबकि दो अन्य को छुट्टी दे दी गई है। मैक्स चालक का इलाज अस्पताल में जारी है।

टनकपुर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है। मृतक के शव का पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

 


Spread the love
Ad