उत्तराखंड के हरिद्वार में पुलिस को झूठी शिकायत देकर बुलाना एक शख्स को महंगा पड़ गया। कोतवाली मंगलौर क्षेत्र में सोमवार देर रात एक व्यक्ति ने 112 इमरजेंसी हेल्पलाइन पर कॉल करके पुलिस को सूचित किया कि उसकी पत्नी ने उसकी मां को जहर दे दिया है और उनकी हालत गंभीर है। कॉल के मुताबिक बुजुर्ग महिला को मंगलौर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मंगलौर पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुँचकर जांच की। जांच में पता चला कि कॉलर की मां पूरी तरह स्वस्थ और सुरक्षित हैं और घर पर ही मौजूद थीं। बुजुर्ग महिला ने भी स्पष्ट किया कि उन्हें किसी प्रकार का जहर नहीं दिया गया।
पुलिस पूछताछ में यह भी जान पाई कि कॉलर का अपनी पत्नी से पारिवारिक विवाद चल रहा था और इसी कारण उसने झूठी सूचना दी।
इस प्रकरण में अनिल निवासी नारसन कलां, थाना मंगलौर के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत कार्रवाई की गई और उस पर 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही पुलिस ने उसे भविष्य में इस प्रकार की हरकत न करने की सख्त चेतावनी दी।
हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि 112 हेल्पलाइन केवल आपात स्थिति के लिए है, इसका दुरुपयोग न करें। झूठी कॉल के कारण वास्तविक जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिलने में बाधा आती है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि इस तरह के मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
