ऋषिकेश के मुनिकीरेती ढालवाला खारास्रोत में अंग्रेजी शराब के ठेके का विरोध लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। मंगलवार को विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने ठेका परिसर के बाहर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया।
इसी क्षेत्र में देर रात 28 वर्षीय अजेंद्र कंडारी की उसके दोस्त और पड़ोसी 25 वर्षीय अक्षय ठाकुर ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना के बाद गुस्साए परिजन और स्थानीय लोगों ने युवक का शव बदरीनाथ हाईवे पर रखकर कई घंटे हंगामा किया।
थाना प्रभारी प्रदीप चौहान ने बताया कि 25 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे खारास्रोत के शराब ठेके के पास अजेंद्र और अक्षय के बीच विवाद हुआ। गुस्से में अक्षय ने अजेंद्र पर कई बार चाकू से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को एम्स में भर्ती कराया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मौके पर पहुंची थाना मुनिकीरेती पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया और उसे जेल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
