नैनीताल हाईकोर्ट के आदेशानुसार उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल ने कई न्यायाधीशों के तबादले और पदोन्नतियों की घोषणा की है। जारी नोटिफिकेशन के तहत, इंदु शर्मा, जो तृतीय अपर सिविल न्यायाधीश (वरिष्ठ संभाग), ऊधम सिंह नगर के पद पर तैनात थीं, उन्हें अब द्वितीय अपर सिविल न्यायाधीश (वरिष्ठ संभाग), उसी जिले के रिक्त पद पर नियुक्त किया गया है।
नेहा कुशावाहा, जो अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, नैनीताल थीं, उनका स्थानांतरण किया गया है और उन्हें उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति, नैनीताल का सचिव नियुक्त किया गया है, यह पद उन्होंने अभिषेक कुमार श्रीवास्तव से संभाला है। वहीं, नीरज कुमार, जो चतुर्थ अपर सिविल न्यायाधीश (वरिष्ठ संभाग), ऊधम सिंह नगर थे, उन्हें इंदु शर्मा के पद पर तृतीय अपर सिविल न्यायाधीश (वरिष्ठ संभाग) के रूप में पदस्थ किया गया है।
रवि रंजन को, जो हल्द्वानी जिला नैनीताल में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट थे, नेहा कुशावाहा के स्थान पर नैनीताल के अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के पद पर स्थानांतरित किया गया है। इसके अलावा, बीनू गुलयानी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल को प्रत्यावर्तित कर, अपर सिविल न्यायाधीश (वरिष्ठ संभाग) के पद पर रुड़की, जिला हरिद्वार में नियुक्त किया गया है।
शमा परवीन को पंचम अपर सिविल न्यायाधीश (वरिष्ठ संभाग), ऊधम सिंह नगर से चतुर्थ अपर सिविल न्यायाधीश (वरिष्ठ संभाग), उसी जिले में पदस्थ किया गया है।
इसके अलावा, रमेश चंद्र को देहरादून में सिविल जज (जूनियर संभाग) से सिविल जज (वरिष्ठ संभाग) में पदोन्नत किया गया है। मीनाक्षी शर्मा को उत्तरकाशी जिले के पुरोला से सिविल जज (जूनियर डिविजन) से सिविल जज (सीनियर डिविजन) कैडर में पदोन्नति मिली है।
