Spread the love

हल्द्वानी: शहर में अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई जारी है। गुरुवार को नगर निगम और प्रशासन की टीम ने बरेली रोड स्थित पुरानी कथा फैक्ट्री के पास करीब 18 बीघा सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त करवा लिया।

यह कार्रवाई एसडीएम राहुल शाह और नगर आयुक्त ऋचा सिंह के नेतृत्व में की गई, जिसमें तहसीलदार मनीषा बिष्ट, सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट और निगम की टीम मौजूद रही। कार्रवाई के दौरान वर्षों पुराने अवैध निर्माणों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त किया गया।

कार्रवाई पूरी होने के बाद नगर निगम ने उक्त भूमि पर स्वामित्व दर्शाते हुए चेतावनी बोर्ड भी लगा दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह जमीन नगर निगम की है और अब इसका उपयोग नगर विकास कार्यों के लिए किया जाएगा।

प्रशासन ने इसे सरकारी जमीनों को अतिक्रमण से मुक्त कराने के विशेष अभियान का हिस्सा बताया। अधिकारियों ने सख्त लहजे में कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार की कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी हाल में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि अब नगर निगम और प्रशासन अवैध कब्जेदारों पर सख्त रुख अपनाने के मूड में है। जिससे आने वाले समय में ऐसी और कार्रवाइयों की संभावना जताई जा रही है।


Spread the love