Spread the love

खटीमा। ग्राम कंचनपुरी में सोमवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 14 माह की मासूम सुमैया की पानी से भरी बाल्टी में गिरकर मौत हो गई। घटना की जानकारी के बाद पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के मुताबिक शानू की इकलौती पुत्री सुमैया घर के आंगन में खेल रही थी। खेलते-खेलते वह हैंडपंप के पास पहुंच गई, जहां पानी से भरी बाल्टी रखी हुई थी। बताया गया कि बाल्टी में रखे एक बर्तन को निकालने की कोशिश करते समय सुमैया का संतुलन बिगड़ गया और वह सिर के बल पानी में गिर पड़ी।

हादसे के समय बच्ची की मां सबीना रसोई में खाना बनाने में व्यस्त थी। जब काफी देर तक सुमैया की कोई आवाज नहीं आई तो वह उसे ढूंढने बाहर निकली। नल के पास पहुंचने पर उसने देखा कि उसकी लाड़ली पानी से भरी बाल्टी में गिरी पड़ी है। उसकी चीख सुनकर पिता शानू और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत बच्ची को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सुमैया तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। उससे बड़े दो भाई—समर और सजर—हैं। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।


Spread the love
Ad