उत्तराखंड में जलवायु परिवर्तन और मौसम के बदलते पैटर्न का सीधा असर अब तापमान पर दिखाई देने लगा है। सर्दियों में होने वाली बारिश में भारी कमी के कारण मैदान से लेकर पहाड़ तक सूखी ठंड लोगों को परेशान कर रही है। आने वाले दिनों में प्रदेश भर में रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड बढ़ने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार अगले चार से पांच दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। इससे रातें अधिक ठंडी रहेंगी। हालांकि दिन के समय चटक धूप निकलने के कारण ठंड का असर कुछ कम महसूस होगा।
बारिश को लेकर इस सप्ताह कोई खास संभावना नहीं जताई गई है। रविवार को देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री ज्यादा 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही बना रहा।
वहीं उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में आज से हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के भी आसार हैं। अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा। आगामी पूर्वानुमान के मुताबिक 20 दिसंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
