कोसी नदी में अवैध खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला रामनगर के पास कुमेरिया का है, जहां जेसीबी मशीन से अवैध खनन किया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यहां रातभर जेसीबी से खुदाई हुई और ट्रैक्टरों के जरिए खनिज सामग्री को ले जाया गया।
इस अवैध खनन का एक वीडियो और फोटो सामाजिक कार्यकर्ता पी.सी. तिवारी ने वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों
को व्हाट्सएप पर भेजा है। तिवारी ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की है।
कोसी नदी नैनीताल और अल्मोड़ा जिलों की सीमा तय करती है, और इस क्षेत्र में वन एवं पर्यावरण संरक्षण के कड़े नियम लागू हैं। बावजूद इसके, खनन माफिया निडर होकर गतिविधियां चला रहे हैं। स्थानीय लोग इस अवैध खनन से खासे चिंतित हैं, क्योंकि इससे न केवल नदी का पारिस्थितिकी तंत्र प्रभावित हो रहा है, बल्कि पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और जल संकट जैसी समस्याएं भी बढ़ सकती हैं।
गौरतलब है कि उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में भी अब अवैध खनन का जाल फैल चुका है। कई स्थानों पर नदियों में जेसीबी से बड़े पैमाने पर खनन किया जा रहा है। वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की सुस्ती के कारण माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। अब देखना होगा कि इस मामले में सरकार और प्रशासन क्या ठोस कदम उठाते हैं।
