हल्द्वानी में एक दर्दनाक हादसे में राजमिस्त्री की नहर में गिरकर मौत हो गई। काठगोदाम थाना क्षेत्र के अंतर्गत कालटेक्स के पास यह घटना हुई, जहां राजमिस्त्री का काम करने वाले बेचेलाल अचानक सिंचाई नहर में गिर गए थे। आज उसका शव बरामद कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, बेचेलाल मूल रूप से शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले थे और पिछले 40 वर्षों से हल्द्वानी में राजमिस्त्री का काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि वे कल दोपहर बाथरूम के लिए कालटेक्स के पास स्थित सिंचाई नहर की ओर गए थे, इस दौरान उनका पैर फिसल गया और वे नहर में गिरकर बह गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत राहत-बचाव अभियान शुरू किया और देर रात तक उनकी तलाश की जाती रही, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। आज सुबह मुखानी चौराहे के पास मंदिर के नीचे नहर में उनका शव बरामद हुआ।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। परिजनों का कहना है कि बेचेलाल मेहनती और ईमानदार व्यक्ति थे, जो वर्षों से इसी क्षेत्र में काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे।
