Spread the love

देहरादून। पित्थुवाला क्षेत्र में जेसीबी से नाले की सफाई के दौरान पीएनजी पाइपलाइन फट गई, जिससे गैस रिसाव होने लगा। सूचना मिलने पर पुलिस और गेल के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और सेफ्टी वॉल्व को बंद कर स्थिति को नियंत्रित किया। करीब डेढ़ घंटे की मेहनत के बाद पाइपलाइन को ठीक किया जा सका। गेल अधिकारियों ने इस मामले में जेसीबी चालक के खिलाफ तहरीर भी दी है।

कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि यह घटना सोमवार दोपहर करीब 12 बजे हुई। एमएस बांके बिहारी फिलिंग स्टेशन के पास सड़क किनारे जेसीबी से खोदाई करने के दौरान मशीन के पंजे से 63 मिलीमीटर की पीएनजी पाइपलाइन फट गई। मौके पर पुलिस फोर्स भी भेजी गई ताकि अफरा-तफरी न फैल सके। घटना के समय करीब 20 मिनट तक गैस रिसाव जारी रहा, लेकिन सौभाग्य से किसी प्रकार की चिंगारी नहीं उठी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

गेल के जीएम अंबुज गौतम ने कहा कि यह घटना बिना अनुमति के खोदाई करने के कारण हुई। उन्होंने भविष्य के लिए चेतावनी दी कि किसी भी निर्माण या खोदाई कार्य से पहले यह सुनिश्चित कर लेना चाहिए कि आसपास कोई पीएनजी पाइपलाइन मौजूद तो नहीं है।


Spread the love
Ad