Spread the love

 हरिद्वार जिले के पिरान कलियर में एक चार वर्षीय बच्ची संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। बच्ची अपनी मां और नानी के साथ दरगाह साबिर पाक में जियारत के लिए आई थी। भीड़भाड़ के बीच अचानक गायब होने की इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

लापता बच्ची की पहचान साबरीन के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के थाना काठ ईदगाह, नई बस्ती निवासी गुलशन की बेटी है। गुलशन अपनी मां आमना और बेटी साबरीन के साथ करीब एक महीने से पिरान कलियर में रह रही थीं।

मंगलवार सुबह करीब 10 बजे तीनों जियारत के लिए दरगाह परिसर पहुंचीं। वहां पहले से जायरीनों की भारी भीड़ मौजूद थी। इसी दौरान बच्ची अचानक लापता हो गई। परिजनों ने दरगाह परिसर और आस-पास के क्षेत्रों में घंटों तक तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

घटना की सूचना मिलते ही पिरान कलियर थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने तत्काल दरगाह परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।

बच्ची की नानी आमना की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि बच्ची की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो विभिन्न संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

इसके साथ ही आसपास के जनपदों की पुलिस को अलर्ट किया गया है और आम जनता से अपील की गई है कि यदि बच्ची या किसी संदिग्ध व्यक्ति को देखें तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचना दें।

पुलिस अधिकारियों ने यह भी बताया कि पिरान कलियर में इससे पहले भी बच्चों के लापता होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन अधिकतर मामलों में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए बच्चों को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा है।


Spread the love
Ad