Spread the love

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में मंगलवार दोपहर बादल फटने से आई भयंकर बाढ़ ने तबाही मचा दी है। अचानक खीरगंगा नदी का जलस्तर बढ़ने और मलबा बहने से कई घर, होटल और दुकानें मलबे में दब गई हैं। इस आपदा में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो घटना के समय तेज मलबा और पानी इतनी तेजी से गांव में पहुंचे कि लोगों के बचने का मौका नहीं मिला। धराली बाजार और आसपास के 20-25 होटल, होम स्टे भी मलबे में आ गए हैं। यह क्षेत्र गंगोत्री यात्रा मार्ग पर स्थित है, जहां कई श्रद्धालु और पर्यटक ठहरे हुए थे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आंध्र प्रदेश दौरा रद्द कर तुरंत उत्तरकाशी पहुंचकर राहत कार्यों की समीक्षा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस आपदा पर गहरा दुःख जताते हुए प्रदेश सरकार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना और आईटीबीपी सहित अन्य राहत एजेंसियां बचाव कार्यों में जुटी हैं।

प्रशासन प्रभावितों को सुरक्षित स्थानांतरित करने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में तेजी से काम कर रहा है। मुख्यमंत्री ने सभी से संयम बरतने और राहत कार्यों में सहयोग करने की अपील की है। बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।


Spread the love
Ad