Spread the love

हल्द्वानी: बनभूलपुरा अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट 10 दिसंबर को अहम फैसला सुनाने जा रहा है, जिसे लेकर हल्द्वानी शहर में सुरक्षा पुख्ता कर दी गई है। बनभूलपुरा क्षेत्र को जीरो जोन घोषित किया गया है और भारी पुलिस फोर्स तैनात कर रूट डायवर्जन लागू किया गया है। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस, प्रशासन और रेलवे पुलिस बल ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च भी निकाला।

फ्लैग मार्च का नेतृत्व एडीएम विवेक राय, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान और एसपी सिटी मनोज कत्याल ने किया। अधिकारियों ने क्षेत्र का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के मद्देनजर शहर में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह पुख्ता है, सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जा रही है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

यातायात और डायवर्जन योजना: 10 दिसंबर को प्रातः 08:00 बजे से रात्रि 21:00 बजे तक बनभूलपुरा क्षेत्र के यातायात पर विशेष रोक रहेगी। समस्त भारी मालवाहक और आवश्यक सेवा वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा और जनपद सीमा पर ही वाहनों को रोका जाएगा। इसके साथ ही पूरे नैनीताल जनपद में सुरक्षा और सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि कोर्ट के फैसले का सम्मान करें और शांति बनाए रखें।


Spread the love
Ad