Spread the love

हल्द्वानी के रामपुर रोड पर लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक प्रेमी जोड़े के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि प्रेमिका ने गुस्से में प्रेमी की स्कॉर्पियो गाड़ी पर पत्थर फेंक दिए, जिससे वाहन के सभी शीशे टूट गए। इसके बाद उसने प्रेमी पर भी पत्थर बरसाए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर निवासी यह प्रेमी युगल पिछले दो वर्षों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा है। शुक्रवार दोपहर प्रेमी अपनी स्कॉर्पियो से प्रेमिका को नैनीताल घुमाने ले गया था। देर रात लौटते समय चलती गाड़ी में दोनों के बीच कहासुनी हो गई। सुशीला तिवारी अस्पताल के पास प्रेमी ने वाहन रोक दिया, जहां गाड़ी के अंदर जोर-जोर से बहस होने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी।

इसी दौरान प्रेमिका ने गुस्से में पत्थर मारकर वाहन के शीशे तोड़ दिए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को शांत कराया और प्रेमी युगल तथा गाड़ी को कोतवाली ले आई। पुलिस ने वाहन को सीज कर दिया और दोनों का शांतिभंग के आरोप में चालान किया। एसएचओ विजय मेहता ने बताया कि वाहन की तलाशी के दौरान उसमें गिफ्ट के खाने-पीने का सामान और शराब की बोतल भी बरामद हुई है।


Spread the love
Ad