उत्तराखंड में जलवायु परिवर्तन और मौसम के बदलते पैटर्न का असर अब तापमान पर भी दिखाई दे रहा है। मानसून की बरसात के दिनों में सामान्य से अधिक बादल बरसने से आई आपदा ने प्रदेश में काफी तबाही मचाई। अब सर्दियों के मौसम के करीब आने के बावजूद तापमान अपने असामान्य तेवर दिखा रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, रात का न्यूनतम तापमान फिलहाल खास बदलाव नहीं दिखा रहा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पोस्ट मानसून की बारिश पूरी होने के बाद ही दिन के तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, बृहस्पतिवार से अगले छह दिन तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। दिन के समय धूप खिलने से पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड से कुछ राहत मिलेगी, जबकि मैदानी इलाकों में ठंड का अहसास फिलहाल कम रहेगा।
हालांकि सुबह और शाम के समय मैदानी इलाकों में कोहरा छाने की संभावना है और पर्वतीय क्षेत्रों में शीतलहर चलने से ठंड परेशान कर सकती है।
