देहरादून के डालनवाला थाना क्षेत्र में स्थित आराघर टी-जंक्शन पर आज तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। सुबह करीब 3:45 बजे चेकिंग ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को एक तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में हेड कांस्टेबल सुगन पाल, कांस्टेबल सचिन और कांस्टेबल कमला प्रसाद शामिल हैं।
पुलिसकर्मी चेकिंग के दौरान एक approaching वाहन को रोकने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन वाहन चालक ने रुकने के बजाय सीधे तीनों पुलिसकर्मियों को रौंद दिया और मौके से फरार हो गया। हादसे के तुरंत बाद घायल पुलिसकर्मियों को 108 एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें एक निजी अस्पताल के हायर सेंटर में भर्ती किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अजय सिंह अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और डॉक्टरों को निर्देश दिए कि घायलों को हरसंभव बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही डालनवाला और कैंट थाने के प्रभारी निरीक्षकों को भी आवश्यक सहायता सुनिश्चित करने को कहा गया।
भागने वाले आरोपी को डालनवाला थाना पुलिस ने कुछ ही समय में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान मोहम्मद उमर उर्फ ताहिर के रूप में हुई है, जिसने महिंद्रा थार वाहन से पुलिसकर्मियों को टक्कर मारी थी। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस विभाग ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है और आरोपित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
