पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने भारी बारिश के संभावित खतरे को देखते हुए जनपद के सभी सरकारी, अर्ध-सरकारी और निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में 21 जुलाई को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान अनावश्यक घर से बाहर न निकलें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से तुरंत संपर्क करें। उन्होंने विशेष रूप से संवेदनशील और आपदा संभावित इलाकों में सतर्क रहने और जल स्रोतों के नजदीक न जाने की सलाह भी दी है। साथ ही, मुख्य शिक्षा अधिकारी को सभी स्कूलों को समय पर अवकाश की सूचना देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 21 जुलाई सोमवार को जनपद गढ़वाल में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, तेज गर्जना, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से तेज़ हवाओं के झोंके चलने की संभावना है। इसके अलावा नदियाँ, नाले और गढे़रों में जलस्तर बढ़ने का भी खतरा बताया गया है।
