Spread the love

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुरुवार को उत्तराखंड के आपदा प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण खराब मौसम के कारण रद्द कर दिया गया। मोदी जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे थे और उन्हें उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी व पौड़ी जिलों का निरीक्षण करना था, लेकिन तेज बारिश व खराब मौसम ने दौरे को टाल दिया।

हवाई सर्वेक्षण रद्द होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आपदा प्रभावित क्षेत्रों में हुई क्षति की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने जौलीग्रांट एयरपोर्ट स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव मदद का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री धामी भी इस दौरान उनके साथ मौजूद थे।

उत्तराखंड पहुंचकर प्रधानमंत्री ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और अन्य बचाव एजेंसियों के जवानों से बातचीत की। उन्होंने राज्य की एसडीआरएफ टीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि हर साल उत्तराखंड को आपदाओं का सामना करना पड़ता है और राज्य की पुलिस द्वारा स्थापित आपदा प्रबंधन फोर्स प्रशंसनीय है।

इसके बाद पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव आनंद वर्धन, आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों और केंद्र सरकार की टीम के साथ आपदा राहत कार्यों पर बैठक की। बताया जा रहा है कि बैठक के निष्कर्ष के आधार पर केंद्र सरकार आर्थिक सहायता पैकेज की घोषणा कर सकती है।

प्रधानमंत्री के हवाई दौरे रद्द होने पर आपदा प्रबंधन विभाग ने उनकी विजिट साइट पर एक फोटो गैलरी लगाई, जिसमें आपदा प्रभावित इलाकों की स्थिति, टूटे रास्ते, राहत एवं बचाव कार्यों की झलक प्रस्तुत की गई। मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने पीएम मोदी को आपदा से जुड़ी पूरी प्रस्तुति भी दी।


Spread the love
Ad