Spread the love

रामनगर। बेलगढ़ क्षेत्र के पास जंगल में एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान 75 वर्षीय सोहन लाल पुत्र बंशी लाल, निवासी किशनपुर छोई, रामनगर के रूप में हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।

मृतक के बेटे कृपाल ने बताया कि करीब 20 दिन पहले उनके पिता घर से हरिद्वार जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन उसके बाद वे वापस नहीं लौटे। परिवार ने कई जगह तलाश की, मगर उनका कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार को उनकी मौत की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया।

परिजनों का कहना है कि सोहन लाल साधु स्वभाव के थे और अक्सर धार्मिक यात्राओं पर जाया करते थे। कृपाल ने आशंका जताई कि लौटते समय जंगल से गुजरते हुए उन पर जंगली जानवर ने हमला किया होगा, जिससे उनकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, शव काफी हद तक सड़ा-गला था, जिससे अंदेशा है कि मौत को लगभग 10 से 15 दिन बीत चुके हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में जंगली जानवरों के आतंक को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।


Spread the love
Ad