देहरादून। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के सात जिलों में भारी बारिश के कारण ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। गढ़वाल मंडल के देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल और हरिद्वार में अधिकांश स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है। वहीं, कुमाऊं मंडल के नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। राज्य के अन्य छह जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने वीडियो बुलेटिन के माध्यम से बताया कि आज सुबह से राज्य के अधिकांश इलाकों में बारिश हो रही है। देहरादून और चमोली जिलों में भी मौसम ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। भारी बारिश को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने आज के लिए सभी स्कूलों में छुट्टी का आदेश जारी किया है।
मौसम विभाग ने 22 से 26 जुलाई तक पूरे राज्य में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गढ़वाल मंडल में भारी से अत्यधिक बारिश के साथ-साथ कुमाऊं मंडल में मध्यम बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा भी बना रहेगा। इसलिए जनता को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
