Spread the love

देहरादून में भारतीय सेना के मनोबल को बढ़ाने के उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी ने तिरंगा मार्च निकाला। यह मार्च कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में शुरू हुआ और घंटाघर, पल्टन बाजार, डिस्पेंसरी रोड होते हुए शहर के विभिन्न हिस्सों से गुजरा।

कांग्रेस के इस मार्च का मुख्य उद्देश्य भारतीय सशस्त्र सेना द्वारा पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकवादी ठिकानों को नष्ट करने के बाद पाकिस्तान द्वारा किए गए आतंकी मंसूबों का करारा जवाब देने का समर्थन था। भारतीय सेना की साहसिक कार्रवाई और उसकी सफलता के बाद पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ नापाक हरकतें करने की कोशिश की जा रही हैं, लेकिन भारतीय सेना लगातार इन्हें नाकाम कर रही है। इस संदर्भ में कांग्रेस ने भारतीय सेना के पराक्रम और साहस को सलाम देते हुए उनका मनोबल बढ़ाने के लिए तिरंगा यात्रा आयोजित की।

इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘भारत माता की जय’ और ‘पाकिस्तान विरोधी’ नारे लगाए। तिरंगा यात्रा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह, गरिमा दसौनी, करन माहरा सहित कई अन्य नेता भी मौजूद थे।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा, “भारतीय सशस्त्र सेना की कार्रवाई से देशवासियों में उत्साह और गर्व का माहौल बना है। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने पहले ही यह स्पष्ट कर दिया था कि आतंकवाद के खिलाफ हम सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “भारतीय सेना जिस तरह अपनी जान जोखिम में डालकर देश की सुरक्षा और सम्मान की रक्षा कर रही है, उसके लिए हम उनके पराक्रम और साहस को सलाम करते हैं। सेना के साथ एकजुटता दिखाने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए सभी कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर लोगों के बीच जा रहे हैं।”

कांग्रेस के इस तिरंगा मार्च से यह संदेश देने की कोशिश की गई कि भारतीय सेना के साथ पूरा देश एकजुट है और आतंकवाद के खिलाफ हर संभव समर्थन करेगा।


Spread the love