उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। राजधानी देहरादून और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिनभर बादल छाए रहने से ठंड और ठिठुरन बढ़ गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि कुछ इलाकों से हल्के हिमपात की भी सूचना मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिन प्रदेश कोहरे की आगोश में रहेगा, जिससे ठंड में और इजाफा हो सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र ने चेताया है कि उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की वर्षा और बर्फबारी हो सकती है। विशेष रूप से 3500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की संभावना बनी हुई है।
वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून के मैदानी इलाकों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। कोहरे के कारण सुबह और रात के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है, इसलिए वाहन चालकों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, 20 दिसंबर को पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इसी क्रम में उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश-बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है।
3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है, जबकि मैदानी जिलों में कोहरे के चलते येलो अलर्ट जारी है। जनता से अपील की गई है कि कोहरे और बर्फबारी की वजह से होने वाली असुविधाओं के प्रति सावधानी बरते।
