Spread the love

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने निजी आवास नगला तराई (खटीमा) में मां और परिवारजनों के साथ पारंपरिक हर्षोल्लास के बीच होली पर्व मनाया। इस अवसर पर उन्होंने सपरिवार उपस्थित होल्यारों का आत्मीय स्वागत किया और प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए सभी को अबीर-गुलाल लगाया।

 

आयोजित होली मिलन समारोह में विभिन्न समुदायों की महिलाओं ने हिंदी, कुमाऊंनी, थारू और बंगाली लोक परंपराओं पर आधारित होली गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। पारंपरिक लोकधुनों पर मुख्यमंत्री भी होल्यारों के साथ झूमते नजर आए, जिससे कार्यक्रम का वातावरण और अधिक उल्लासपूर्ण और आत्मीय हो उठा।

 

समारोह में स्थानीय नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की। यह आयोजन प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविधता में एकता और सामाजिक सहभागिता की भावना का जीवंत उदाहरण बना।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए समाज में प्रेम, सद्भाव और पारस्परिक सहयोग की भावना को सुदृढ़ बनाए रखने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा राज्यमंत्री फरजाना बेगम, अमित कुमार पांडे, महासचिव रमेश चंद्र जोशी, नंदन सिंह खड़ायत, गम्भीर सिंह धामी, दान सिंह रावत, सतीश भट्ट, जीवन धामी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।


Spread the love
Ad