Spread the love

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के भीतर कई पर्वतीय और कुछ मैदानी इलाकों में अत्यधिक वर्षा की संभावना जताई है। मौसम की इस चेतावनी के मद्देनज़र मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों से सतर्क और संयमित रहने की अपील की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खराब मौसम के चलते अनावश्यक यात्रा से बचना चाहिए और प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की सुरक्षा को सर्वोपरि मानती है।

मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) द्वारा आयोजित पीसीएस परीक्षा में भाग ले रहे अभ्यर्थियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे समय से पहले अपने परीक्षा केंद्रों के लिए निकलें। उन्होंने कहा, “आपकी सुरक्षा और आपकी परीक्षा, दोनों हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।”

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि राज्य सरकार मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और स्थानीय प्रशासन को सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आपदा से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।

राज्य के कई क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण भूस्खलन और सड़कों पर यातायात बाधित होने की घटनाएं सामने आई हैं। प्रशासन ने लोगों से किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संपर्क करने का अनुरोध किया है।

राज्य सरकार की ओर से सभी जिलों के प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं और आपातकालीन सेवाएं 24×7 सक्रिय हैं। किसी भी स्थिति में लोगों को आवश्यक मदद देने का आश्वासन भी दिया गया है।

 


Spread the love