Spread the love

उत्तराखंड के खटीमा में तुषार शर्मा हत्याकांड के एक आरोपी को पुलिस ने शनिवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हाशिम झनकट क्षेत्र में छिपा हुआ था। रात करीब एक बजे झनकट ईंट भट्ठे के पास पुलिस ने घेराबंदी की, जिस पर हाशिम ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सीओ खटीमा विमल रावत ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

गौरतलब है कि शुक्रवार देर रात करीब 10 बजे आश्रम पद्धति स्कूल के पीछे रहने वाला तुषार शर्मा (24) बस स्टॉपेज के पास वाल्मीकि बस्ती निवासी अभय और पकड़िया निवासी सलमान के साथ एक चाय की दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान गोटिया और इस्लाम नगर से आए कुछ युवकों से उनकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और आरोपियों ने तीनों युवकों पर चाकुओं से हमला कर दिया।

सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को खटीमा उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तुषार शर्मा को मृत घोषित कर दिया, जबकि अभय और सलमान की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

शनिवार सुबह युवक की हत्या की खबर फैलते ही शहर में आक्रोश फैल गया। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं समेत सैकड़ों लोगों ने घटनास्थल के पास स्थित चाय की दुकान में आग लगा दी और आसपास की दुकानों में तोड़फोड़ की। सूचना मिलते ही सीओ विमल रावत, कोतवाल विजेंद्र शाह, एसएसआई ललित रावल, बाजार चौकी प्रभारी जीवन चुफाल और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। फिलहाल पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है और मामले की जांच जारी है।


Spread the love
Ad