हल्द्वानी: पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कुमायूं रेंज रिद्धिम अग्रवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को एक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल रहे।
बैठक का उद्देश्य अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों और विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण, गुमशुदगी, महिला शवों की पहचान, नशा विरोधी अभियान और त्योहार व छात्रसंघ चुनावों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना रहा।
आईजी ने चेतावनी दी कि थाना क्षेत्र में लापरवाही पाए जाने पर 24 घंटे में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने थाना प्रभारियों से ‘मठाधीश’ मानसिकता छोड़कर जवाबदेही से काम करने को कहा।
महिला शवों की पहचान के लिए डीएनए प्रोफाइलिंग, फेस रिकग्निशन तकनीक और मीडिया के सहयोग से प्रयास तेज करने के निर्देश दिए गए। लंबित जब्त वाहनों और एनडीपीएस मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए भी अभियान चलाने को कहा गया।
आईजी ने आगामी नन्दा अष्टमी, वारावफात, और छात्रसंघ चुनावों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने तथा गुंडागर्दी और हथियारबंदी पर सख्त नियंत्रण के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि पुलिस कर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एक स्पेशल ऐप विकसित किया गया है। साथ ही, चिटफंड और धोखाधड़ी मामलों में त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
आईजी ने दोहराया कि जनता अपराधमुक्त वातावरण चाहती है, और पुलिस को सख्त, त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से ही भरोसा कायम रखना होगा।
