Spread the love

उत्तरकाशी: शुक्रवार सुबह उत्तरकाशी जनपद में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। गंगोत्री हाईवे पर धरासू और नालूपानी के बीच मध्य प्रदेश के तीर्थयात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। गनीमत यह रही कि बस गहरी खाई में गिरने से बच गई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस में कुल 45 यात्री सवार थे, जो गंगोत्री धाम की यात्रा पर थे। सुबह के समय, पहाड़ी मोड़ पर चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क पर पलट गया। हादसे में आठ यात्री घायल हो गए हैं, जिन्हें स्थानीय पुलिस की मदद से तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है, जबकि शेष यात्रियों को वैकल्पिक वाहन से आगे की यात्रा के लिए रवाना किया गया है।


Spread the love