Spread the love

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। बोर्ड ने हाई ऑर्डर थिंकिंग स्किल (HOTS) यानी उच्च स्तरीय चिंतन कौशल पर आधारित प्रश्नों को शामिल करने की तैयारी शुरू कर दी है। नई व्यवस्था के तहत हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के हर विषय के प्रश्नपत्र में 20 फीसदी प्रश्न HOTS श्रेणी के होंगे। इसका उद्देश्य परीक्षार्थियों की वास्तविक समझ, विश्लेषण क्षमता और तर्क कौशल को परखना है, ताकि यह पता चल सके कि छात्र उत्तर को समझकर लिख रहा है या केवल रटकर।

बोर्ड अधिकारियों के अनुसार, नई शिक्षा प्रणाली और भविष्य की प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव जरूरी था। HOTS आधारित प्रश्न छात्रों को जानकारी का विश्लेषण करने, मूल्यांकन करने और नई परिस्थिति में उसका उपयोग करने के लिए प्रेरित करेंगे। इससे उनकी समस्या समाधान क्षमता और अवधारणाओं को जोड़ने की प्रतिभा विकसित होगी।

बोर्ड का मानना है कि इस बदलाव का सीधा लाभ छात्रों को इंटरमीडिएट के बाद होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा में मिलेगा। HOTS प्रश्नों की आदत से छात्र जटिल प्रश्नों को समझने और तर्क के आधार पर उत्तर देने में अधिक सक्षम होंगे।

अपर सचिव बृजमोहन रावत ने बताया कि आने वाले शैक्षणिक सत्र से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं में 20 फीसदी HOTS प्रश्न अनिवार्य रूप से शामिल किए जाएंगे, जिसके लिए तैयारी बोर्ड स्तर पर शुरू कर दी गई है।


Spread the love
Ad