Spread the love

उत्तराखंड सरकार ने दीपावली के त्योहारी माह में कर्मचारियों के लिए खुशखबरी दी है। राज्य सरकार ने 2.50 लाख से अधिक कर्मचारियों को 58 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता (डीए) जारी करने के आदेश जारी कर दिए हैं। इस डीए का नकद भुगतान एक जुलाई से 31 अक्टूबर तक किया जाएगा।

इसके साथ ही, अराजपत्रित कर्मचारियों को बोनस का लाभ भी मिलेगा। इस संबंध में वित्त विभाग ने आदेश जारी कर कर्मचारियों को दीपावली से पहले बोनस और महंगाई भत्ते का तोहफा दिया है, जिससे कर्मचारियों की लंबित मांगों का समाधान हो गया।

केंद्र सरकार ने भी जुलाई 2025 से महंगाई भत्ते की दर को संशोधित करते हुए 55 प्रतिशत से बढ़ाकर 58 प्रतिशत करने का निर्णय लिया था, जिससे राज्य सरकार ने भी इस दर को अपनाया। इससे कर्मचारियों को तीन प्रतिशत अतिरिक्त डीए का लाभ मिलेगा।

राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की मांग के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पर सकारात्मक निर्णय लिया। अपर सचिव वित्त डॉ. अहमद इकबाल ने बताया कि बोनस और महंगाई भत्ते को लेकर शासन स्तर पर प्रक्रिया चल रही थी, जो अब पूरी होकर कर्मचारियों को जारी कर दी गई है।

 


Spread the love
Ad