रुद्रपुर: STF की कुमाऊं यूनिट और थाना ITI पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी विदेशी नेटवर्क से जुड़ा हुआ है और वह न्यूजीलैंड में बैठे अपने सरगना के इशारे पर हथियारों की तस्करी कर रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हर्ष शर्मा, निवासी वार्ड नंबर 18, आर्य नगर, डॉक्टर सिंह वाली गली, कोतवाली काशीपुर के रूप में हुई है। STF को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना ITI क्षेत्र में अवैध हथियारों की सप्लाई होने वाली है। इस इनपुट पर कार्रवाई करते हुए STF और थाना पुलिस ने इलाके में चेकिंग अभियान चलाया, जहां आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 32 बोर की दो ऑटोमेटिक पिस्टल और दो मैगजीन बरामद की गईं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी न्यूजीलैंड में रह रहे गुरविंदर सिंह बाजवा उर्फ गूरी के निर्देश पर भारत में हथियारों की तस्करी कर रहा था। आरोपी पहले भी कई बार इस तरह की डिलीवरी कर चुका है।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना ITI में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। STF अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है, जिसमें अंतरराष्ट्रीय लिंक के खुलासे की संभावना है।
STF अधिकारियों के अनुसार, यह गिरफ्तारी केवल एक आरोपी की नहीं बल्कि एक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक गठजोड़ का संकेत है, जिसे तोड़ने की दिशा में कार्रवाई जारी है।
