उत्तराखंड के चंपावत जिले में एक बड़ा हादसा हुआ। बाराकोट इलाके में बैक करते समय एक ऑल्टो कार (UK03 TA2143) अनियंत्रित होकर केलाड़ी विद्युत पावर हाउस के पास लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई।
जानकारी के अनुसार यह हादसा गुरुवार देर शाम का बताया जा रहा है। हादसे के समय कार में चालक अमित शर्मा (पुत्र जगदीश शर्मा) और विक्रम सिंह (पुत्र कुंवर सिंह), दोनों तल्ला बापरु के निवासी सवार थे। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी और बाराकोट चौकी पुलिस मौके पर पहुंचे।
पुलिस और स्थानीय युवाओं ने खाई में उतरकर गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को रेस्क्यू किया और सड़क तक लाकर सुरक्षा प्रदान की। इसके बाद पुलिस ने अपनी गाड़ी से उन्हें लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया।
डॉक्टर अजीम ने बताया कि चालक अमित शर्मा के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसके कारण उन्हें चंपावत जिला चिकित्सालय के उच्च केंद्र में रेफर किया गया। वहीं, विक्रम सिंह के सिर पर भी चोटें आई हैं, लेकिन उनकी स्थिति खतरे से बाहर है और उनका उपचार लोहाघाट अस्पताल में जारी है।
बाराकोट चौकी प्रभारी हरीश प्रसाद ने बताया कि चालक कार बैक कर रहा था, तभी वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। उन्होंने बताया कि हादसे वाली जगह पर क्रैश बैरियर नहीं लगे थे। पुलिस ने दोनों घायलों के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है।
