
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने आज उत्तराखंड के पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है।
इसके अलावा देहरादून, टिहरी और बागेश्वर जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। राज्य के अन्य जिलों में भी तेज बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। गरज और चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की संभावना जताई गई है।
उत्तराखंड में मानसून का असर तेज होता जा रहा है। खासतौर पर पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें अलर्ट पर हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
