Spread the love

पौड़ी: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की प्रक्रिया के दौरान गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने पर पौड़ी जिले में तीन सरकारी कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। इनमें एक ग्राम विकास अधिकारी और दो अन्य विभागीय कर्मचारी शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, थलीसैंण विकासखंड में तैनात ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) उमेश कोठारी को अपने कार्यक्षेत्र से लगातार अनुपस्थित रहने के चलते निलंबित किया गया है। जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए डीडीओ कार्यालय से अटैच किया है। साथ ही, खंड विकास अधिकारी थलीसैंण को उनके विरुद्ध आरोपपत्र जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसी तरह, 17 जुलाई को मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण के दौरान दो कर्मचारी नशे की हालत में पाए गए। फॉरेस्ट विभाग के डाकिया अनिल कुमार मैठाणी पौड़ी में प्रशिक्षण कार्यक्रम में शराब के नशे में पहुंचे, जबकि नैनीडांडा के दिगोली प्राइमरी स्कूल में तैनात सहायक शिक्षक आनंद सिंह रावत प्रशिक्षण स्थल की सीढ़ियों पर बेसुध हालत में मिले।

इन दोनों कर्मचारियों को जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस. भदौरिया द्वारा तत्काल निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है।

 


Spread the love
Ad