पिथौरागढ़–गंगोलीहाट मोटर मार्ग पर डूनी से चहज जाते समय गुरुवार देर रात करीब 11 बजे एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि डूनी निवासी सुरेश सिंह (30 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पवन सिंह (35 वर्ष) को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही गंगोलीहाट कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कैलाश चन्द्र जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। टीम ने खाई से घायल को निकालकर 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक गुरुवार दोपहर खटीमा से ब्रेजा कार में घर लौट रहे थे। डूनी–चहज मार्ग पर वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और करीब 400 मीटर नीचे खाई में गिर गया। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना किस वजह से हुई, इसकी जांच की जा रही है। पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रहे सड़क हादसों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
