
देहरादून। पौड़ी के थलीसैंण थाना क्षेत्र के अंतर्गत बुधवार रात एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया। यह हादसा ग्राम सुकई के पास राष्ट्रीय राजमार्ग बैजरो-थलीसैंण पर हुआ। वाहन में कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना थलीसैंण से पुलिस टीम बचाव उपकरणों के साथ तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर देखा गया कि बोलेरो (UK19TA-0624) खाई में गिरकर पूर्वी नयार नदी के किनारे जा पहुंची थी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से निकालकर 108 एम्बुलेंस के जरिए सीएचसी बीरोंखाल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि सभी यात्री गाजियाबाद से अपने गांव लौट रहे थे। संदीप उर्फ सन्नी नाम का एक युवक बैजरो से वाहन में सवार हुआ था।
हादसे में घायल व्यक्तियों की पहचान:
अक्षरा (13 वर्ष), पुत्री सुनील – निवासी ग्राम नानस्यूं पजियाणा
दीपांशु (9 वर्ष), पुत्र दिनेश – निवासी ग्राम नानस्यूं पजियाणा
मनवर सिंह (38 वर्ष), चालक – निवासी ग्राम मासों
संदीप उर्फ सन्नी (30 वर्ष), पुत्र भीम सिंह – निवासी ग्राम कुण्ड
बलेश्वरी देवी (62 वर्ष), पत्नी दर्शन सिंह – निवासी ग्राम भण्डेली
बथुली देवी (62 वर्ष), पत्नी सैन सिंह – निवासी ग्राम भण्डेली
हादसे में मृत महिला की पहचान:
बिलेश्वरी देवी (55 वर्ष), पत्नी खुशाल सिंह – निवासी ग्राम नानस्यूं पजियाणा
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दुखद हादसे से इलाके में शोक की लहर है।
