Spread the love

उत्तराखंड के गढ़वाल मंडल के पौड़ी जिले में गुलदार के लगातार बढ़ते हमलों ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। मंगलवार को आंगनबाड़ी से घर लौट रहे 4 साल के बच्चे पर हुए हमले की दहशत अभी बाकी ही थी कि गुरुवार को गजल्ट गांव में गुलदार ने 45 वर्षीय राजेन्द्र नौटियाल को मौत के घाट उतार दिया। मंदिर से पूजा कर लौटते समय घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर अचानक हमला कर दिया और शव को झाड़ियों में घसीटकर ले गया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और लोग आक्रोशित हो उठे।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद वन विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। उनका कहना है कि अधिकारी केवल औपचारिक दौरा कर चले जाते हैं, जिससे लोगों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक डीएफओ खुद गांव में आकर स्थिति नहीं समझते और उनसे बातचीत नहीं करते, वे विरोध जारी रखेंगे और शव को आगे नहीं ले जाने देंगे।

मृतक राजेन्द्र नौटियाल छोटे बच्चों के पिता थे और दूध बेचकर परिवार का गुजर-बसर करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुख और आर्थिक संकट दोनों ही टूट पड़े हैं। इससे पहले कोटी गांव में एक महिला की जान गुलदार ले चुका है, जबकि डोभाल ढांडरी में भी एक महिला गंभीर रूप से घायल हो चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र के लोग भयभीत हैं और घरों से बाहर निकलने में भी डरने लगे हैं।


Spread the love
Ad