कोटद्वार। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा लागू की गई जीरो टॉलरेंस ऑन करप्शन नीति के तहत भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में विजिलेंस टीम ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए फायर स्टेशन कोटद्वार में तैनात लीडिंग फायरमैन रणधीर सिंह को ₹20,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी फायरमैन रणधीर सिंह द्वारा शिकायतकर्ता से मालिनी वैली कॉलेज ऑफ एजूकेशन, कोटद्वार की बिल्डिंग की फायर एनओसी के रिनुअल के नाम पर रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना विजिलेंस विभाग को दी, जिसके बाद पूरी योजना के तहत जाल बिछाया गया।
आज दिनांक 9 फरवरी 2026 को विजिलेंस टीम ने फायर स्टेशन के पास ही आरोपी को ₹20,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की भ्रष्टाचार के प्रति सख्त नीति का स्पष्ट उदाहरण मानी जा रही है। प्रदेश सरकार ने विजिलेंस को पूरी छूट दे रखी है, जिसके चलते अब तक सैकड़ों भ्रष्ट अधिकारी और कर्मचारी जेल की हवा खा चुके हैं। लगातार हो रही कार्रवाइयों से सरकारी महकमे में हड़कंप मचा हुआ है और रिश्वतखोरों में डर का माहौल है।
मुख्यमंत्री धामी की इस पहल को आम जनता का भी समर्थन मिल रहा है। सरकार का साफ संदेश है कि भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे वह किसी भी विभाग या पद से जुड़ा व्यक्ति क्यों न हो।
प्रदेश में जारी यह मुहिम आने वाले समय में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी व जवाबदेह बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
