Spread the love

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के खटीमा में शुक्रवार देर रात दो गुटों के बीच हुए खूनी संघर्ष से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। खटीमा–टनकपुर मार्ग स्थित रोडवेज बस स्टेशन के पास आपसी रंजिश के चलते हुई चाकूबाजी में 24 वर्षीय युवक तुषार शर्मा की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे की है, जब रोडवेज परिसर में युवकों के दो गुट आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हुई और देखते ही देखते मामला चाकूबाजी में बदल गया। हमले में तुषार शर्मा पुत्र मनोज शर्मा, निवासी वार्ड-10 (रोडवेज बस स्टेशन के पीछे), सलमान (23) पुत्र शब्बू निवासी पकड़िया और अभय (21) पुत्र कन्हैया लाल गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को तत्काल उपजिला चिकित्सालय खटीमा पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान तुषार शर्मा ने दम तोड़ दिया। इमरजेंसी में तैनात डॉ. गरिमा ने प्राथमिक उपचार के बाद सलमान और अभय को हायर सेंटर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि सलमान की हालत नाजुक बनी हुई है।

चाकूबाजी की घटना के बाद रोडवेज परिसर में अफरातफरी मच गई, जबकि हमलावर युवक मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही खटीमा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कोतवाल विजेंद्र शाह ने बताया कि घायलों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और हमलावरों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

पुलिस के अनुसार मृतक तुषार शर्मा पीलीभीत रोड स्थित एक ट्रांसपोर्ट में कार्यरत था। प्रारंभिक जांच में घटना का कारण युवकों के बीच पुरानी रंजिश बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


Spread the love
Ad