नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को धारी ब्लॉक के लेटीबुंगा स्थित हिमगिरि स्टेडियम पहुंचे, जहां उन्होंने कुल 112.34 करोड़ रुपये की 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान सीएम ने जिले में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल सुविधाओं को मजबूत बनाने वाली महत्वपूर्ण परियोजनाओं को हरी झंडी दी।
सीएम धामी ने 70.73 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 8 योजनाओं का लोकार्पण किया, जिनमें भवाली बाईपास के भाग-1 और भाग-2 का डामरीकरण व सुधारीकरण, भीमताल बाईपास और भीमताल–खुटानी–चांफी–परमपुरी–धानाचुली मोटरमार्ग का उन्नयन, 50 बेड के क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण, हल्दूचौड़ के लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय में पुस्तकालय व बहुउद्देश्यीय हॉल, ग्राम पुछड़ी में गौशाला निर्माण और जाडापानी विद्यालय में पुस्तकालय, कंप्यूटर व विज्ञान प्रयोगशाला कक्ष का निर्माण शामिल है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 41.60 करोड़ रुपये से बनने वाली 9 नई योजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें लालकुआं महाविद्यालय में परीक्षा भवन, लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय में चहारदीवारी निर्माण, गौलापार के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में स्वीमिंग पूल पर टेंसाइल शेड, झडगांव विद्यालय में भवन निर्माण, ओखलकांडा में सभागार कक्ष, रामनगर में टाइप-4 आवासीय भवन, बेतालघाट में दूनीखाल–रातीघाट मोटर मार्ग, पंगोट–दैचोरी मार्ग का नवनिर्माण और स्टेडियम में बाढ़ सुरक्षा कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रम में सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार जनहित के विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयासरत है।
