हल्द्वानी के अतिव्यस्त नैनीताल रोड पर स्थित श्री कालू सिद्ध मंदिर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। महज 200–300 मीटर की दूरी पर कोतवाली और मुख्य मार्ग पर लगातार आवाजाही के बावजूद चोर मंदिर से चांदी के कीमती सामान और नकदी ले उड़े, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, 6 दिसंबर की रात मंदिर के कपाट बंद कर पुजारी और सेवादार वापस चले गए थे। मंदिर व्यवस्थापक महंत निरंजन गिरी ने बताया कि रात करीब 12 बजे चोर मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और करीब 2 किलो वजन का चांदी का मुकुट, चांदी का लोटा, कई चांदी की थालियां और 35 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। इसके अलावा मंदिर के रसोइए का सूट और उसकी निजी नगदी भी चोरी कर ली गई।
अगली सुबह जब घटना का पता चला तो प्रबंधन ने तुरंत सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक युवक चोरी करते हुए स्पष्ट रूप से नजर आया, जिसे आधार बनाकर तहरीर पुलिस को सौंप दी गई।
कोतवाल विजय सिंह मेहता ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फुटेज में दिख रहे युवक की पहचान की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
