हल्द्वानी। बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में 10 दिसंबर को सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई से पहले शहर में सुरक्षा हलचल तेज हो गई है। संभावित फैसले को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सोमवार को एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और सख्त निर्देश दिए।
एसएसपी ने निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्र में सख्त बैरिकेडिंग की जाए और स्थानीय पहचान पत्र के बिना कोर क्षेत्र में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। क्षेत्र में बीडीएस टीम की चेकिंग, संभावित उपद्रवियों पर मुचलका पाबंद कार्रवाई और सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। मंगलवार को पूरे क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला जाएगा, साथ ही यातायात व्यवस्था का डायवर्जन प्लान भी लागू होगा।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस फील्ड के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रख रही है। अफवाह या भड़काऊ सामग्री फैलाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में एसपी क्राइम/यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी दूरसंचार रेवाधर मठपाल, सीओ अमित कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
