Spread the love

उत्तराखंड के खटीमा के किलपुरा वन रेंज में हाथी के एक बच्चे का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। चिंता की बात यह है कि बीते एक माह में खटीमा क्षेत्र में हाथियों के दो बच्चों की मौत हो चुकी है।

सूचना मिलते ही तराई पूर्वी वन प्रभाग के डीएफओ और एसडीओ मौके पर पहुँचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। तीन पशु चिकित्सकों की टीम द्वारा मृत हाथी के बच्चे का पोस्टमॉर्टम किया गया। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।

वन रेंजर मनोज कुमार पांडे के निर्देशन में टीम जंगल में गश्त कर रही थी, तभी पश्चिमी किलपुरा-द्वितीय क्षेत्र में हाथी के बच्चे का शव दिखा। टीम ने तुरंत रेंजर को सूचना दी, जिसके बाद उच्चाधिकारियों को भी घटना से अवगत कराया गया।

डीएफओ हिमांशु बागड़ी ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू की। एसडीओ संचिता वर्मा ने बताया कि मृत हाथी लगभग 4 वर्ष का नर है। शरीर और दांत पूरी तरह सुरक्षित हैं और शव 2–4 दिन पुराना प्रतीत होता है। प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं है।

पोस्टमॉर्टम पशु चिकित्साधिकारी राजेंद्र राम, वन विभाग के पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राहुल सती और डॉ. हिमांशु के पैनल द्वारा किया गया। रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ सकेगा। पोस्टमॉर्टम के बाद देर शाम शव को सुरक्षित दफना दिया गया।


Spread the love
Ad