Spread the love

देहरादून में गिरफ्तार बांग्लादेशी घुसपैठिए ममून हसन से जुड़े नए खुलासे लगातार सामने आ रहे हैं। हिंदू महिला के नाम पर फर्जी तरीके से भारतीय नागरिक बनकर रह रहे ममून पर अब अवैध धर्मांतरण कराने का बड़ा आरोप लगा है। ममून को 21 नवंबर को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

जांच में सामने आया है कि ममून ने बांग्लादेश में अपनी हिंदू प्रेमिका रीना का अवैध धर्मांतरण कराया था। धर्म बदलने के बाद रीना का नाम फरजाना अख्तर रखा गया, जिसके दस्तावेज पुलिस के हाथ लगे हैं। इसके बाद दोनों ने निकाह किया और फिर अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया।

पुलिस को शक है कि इस अवैध धर्मांतरण के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ हो सकता है। इसी कारण पूरे प्रकरण की हर पहलू से जांच की जा रही है।

20 नवंबर को एलआईयू और नेहरू कॉलोनी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में ममून हसन, निवासी मेहरपुर (बांग्लादेश), और रीना चौहान, निवासी त्यूणी (देहरादून), को गिरफ्तार किया। दोनों अलकनंदा एंक्लेव में किराए पर रह रहे थे।
ममून 2019, 2020 और 2021 में तीन बार टूरिस्ट वीज़ा पर भारत आकर रीना से मिलता रहा था।

2022 में ममून अवैध रूप से रीना को सीमा पार कर बांग्लादेश ले गया। वहीं दोनों ने शादी की और रीना का धर्मांतरण कर उसका नया नाम फरजाना अख्तर रख दिया। कुछ समय बाद दोनों फिर से अवैध तरीके से देहरादून लौट आए।

देहरादून लौटने के बाद रीना ने ममून को भारत में बचाने के लिए अपने पहले पति के नाम का उपयोग कर उसके लिए फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए। पुलिस यह पता लगा रही है कि ये दस्तावेज कहाँ और कैसे तैयार किए गए।

देहरादून एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि बांग्लादेश की संबंधित एजेंसियों से संपर्क कर मामले की हर कड़ी को जोड़ा जा रहा है।
जांच में कुछ अहम दस्तावेज मिले हैं, जिनमें रीना के धर्म परिवर्तन और बांग्लादेश में बने फर्जी प्रमाणपत्र शामिल हैं। पुलिस पूरे मामले की व्यापक जांच कर रही है।


Spread the love
Ad