उत्तराखंड की ऊधमसिंह नगर जिले की पुलिस ने एक बड़े ड्रग तस्कर को गिरफ्तार कर करोड़ों की अवैध दवाएं जब्त की हैं। काशीपुर पुलिस और एसओजी की टीम ने संयुक्त अभियान में उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी आरोपी दीपक ठाकुर को स्कूटी पर पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से 5,000 इंजेक्शन और 326 बोतल अवैध सिरप बरामद किए हैं, जिनकी कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी जा रही है। आरोपी इन कंट्रोल्ड ड्रग्स को बिना लाइसेंस और बिना बिल के ले जा रहा था, जो एनडीपीएस एक्ट का गंभीर उल्लंघन है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि देर रात काशीपुर कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम टांडा-बागवाला रोड पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान आरोपी को स्कूटी पर संदिग्ध हालत में देखा गया। रोकने पर आरोपी सकपका गया। स्कूटी में रखे दो बॉक्सों से 200 कार्टन बाइनोर्फिन-ब्यूप्रेनोर्फिन इंजेक्शन बरामद हुए। इसके अलावा तीन अलग-अलग पेटियों में रखी कोडीन फॉस्फेट और ट्राइप्रोलिडाइन HCL की 326 बोतलें भी मिलीं।
औषधि निरीक्षक नीरज कुमार ने मौके पर जांच की और पुष्टि की कि दोनों दवाएं कंट्रोल्ड ड्रग्स की श्रेणी में आती हैं और केवल लाइसेंस प्राप्त इकाइयों द्वारा ही परिवहन की जा सकती हैं।
पूछताछ में आरोपी दीपक ठाकुर ने अपना नाम और पता बताया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
