Spread the love

उत्तराखंड के अल्मोड़ा के लमगड़ा ब्लॉक के सांगण साहु गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव के बीचों-बीच स्थित घर में 60 वर्षीय गंगा देवी पत्नी मोहन सिंह का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतका के गले का गलोबंद गायब और शरीर पर चोट के निशान पाए जाने से लूटपाट के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार गंगा देवी अकेली रहती थीं। उनका पति मोहन सिंह लमगड़ा बाजार में रेस्टोरेंट चलाते हैं और अधिकतर समय वहीं रहते हैं। जब सुबह तक गंगा देवी बाहर नहीं आईं, तो पड़ोसियों ने उनके घर जाकर देखा। दरवाजा खुला और टीवी चालू था, वहीं गंगा देवी बिस्तर पर मृत पाई गईं। घटना की जानकारी उनके पति और बेटे रविंद्र को दी गई, जो तुरंत गांव पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रारंभिक जांच की। पुलिस ने बताया कि मृतका के कान से खून बह रहा था, गले पर निशान थे और गलोबंद गायब था। बाकी आभूषण घर में सुरक्षित मिले, जिससे घटना में लूट की आशंका जताई जा रही है। लेकिन घर गांव के बीच में होने और आसपास लोगों की आवाजाही के बावजूद यह वारदात अंजाम दी गई, जिससे कई सवाल उठ खड़े हुए हैं।

एसएसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि प्राथमिक जांच में हत्या की संभावना जताई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण की पुष्टि होगी। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और फॉरेंसिक टीम भी मामले की जांच में मदद कर रही है।

घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीण आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा। घटना शुक्रवार की है और पुलिस को सूचना उसी दिन दी गई थी, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।


Spread the love
Ad