Spread the love

हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र के क्रिस्टल वर्ल्ड के पास शनिवार शाम फिल्मी अंदाज में एक युवक को अगवा करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

नगर पुलिस अधीक्षक (एसपी सिटी) अभय प्रताप सिंह ने बताया कि शनिवार शाम लगभग 6:33 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि शिवालिक नगर निवासी 25 वर्षीय राजन को कुछ कार सवार युवकों ने जबरन कार में डालकर अपहरण कर लिया है। सूचना मिलते ही पूरे जिले में अलर्ट जारी किया गया और थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी माध्यमों से आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच में सामने आया कि घटना में पंजाब नंबर की कार का उपयोग किया गया और कुल छह युवक शामिल थे। अपहृत युवक के दोस्त फतेह सिंह ने बताया कि वे दोनों एक कैफे में कॉफी पी रहे थे, तभी कार आई और आरोपियों ने मारपीट कर राजन को कार में खींच लिया।

महत्वपूर्ण सुराग मिलने पर पुलिस ने रविवार को मंगलौर हाइवे से चार आरोपियों — मंगलौर निवासी अर्पित शर्मा और सिडकुल निवासी नितिन, जोगेंद्र उर्फ जुग्गन और हर्ष उर्फ हनी — को गिरफ्तार किया। अपहृत युवक राजन को सकुशल मुक्त करा लिया गया और घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली गई। घटना में शामिल अन्य दो युवक अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।


Spread the love
Ad