Spread the love

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले की मंगलौर कोतवाली पुलिस ने हाईवे पर लापरवाह और खतरनाक तरीके से काफिला निकाल रहे बारातियों पर कार्रवाई करते हुए सात वाहनों का ऑनलाइन चालान किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई को बारातियों के लिए “शादी का अनोखा शगुन” बताया।

मंगलौर पुलिस के मुताबिक, गुरुकुल नारसन क्षेत्र से गुजर रही एक बारात के दौरान कुछ बाराती वाहनों की खिड़कियों से बाहर निकलकर सड़क पर हूटर बजाते हुए हुड़दंग मचा रहे थे। इस दौरान कुछ वाहनों द्वारा अत्यधिक तेज़ गति और खतरनाक ड्राइविंग की गई।

कोतवाली मंगलौर की नारसन चौकी पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए विभिन्न सीसीटीवी फुटेज खंगाले और काफिले में शामिल सात वाहनों को चिन्हित किया। इन वाहनों के खिलाफ खतरनाक तरीके से वाहन चलाने, सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने और सड़क पर हुड़दंग मचाने के आरोप में ऑनलाइन चालान किया गया।

मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र से गुजर रही बारात में कुछ बाराती वाहनों की खिड़कियों से बाहर निकलकर हूटर बजाते हुए सड़कों पर हंगामा कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने सभी वाहनों को चिन्हित किया और सात वाहनों का चालान किया।

उन्होंने यह भी बताया कि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बारात किस स्थान से शुरू होकर कहां जा रही थी। वाहन स्वामियों को चालान के साथ चेतावनी दी गई है कि अगली बार ऐसी लापरवाही पर उनके वाहन सीज किए जाएंगे।

मंगलौर पुलिस ने बारातियों से अपील की है कि वे हाईवे और सड़कों पर सावधानी बरतें और नियमों का पालन करें, ताकि किसी को कोई नुकसान न पहुंचे।


Spread the love
Ad