Spread the love

देहरादून पुलिस ने आगामी वीवीआईपी कार्यक्रमों की सुरक्षा को देखते हुए चलाए जा रहे चेकिंग अभियान और ऑपरेशन कालनेमि के तहत शहर में अवैध रूप से रह रही दो बांग्लादेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इन महिलाओं ने अपने छद्म नामों के तहत भारत में रहकर भारतीय नागरिकों से विवाह किए और बच्चे भी हैं।

कोतवाली पटेल नगर पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिलाओं में से एक, मरियम, स्वाति उपाध्याय का छद्म नाम इस्तेमाल कर रही थी। मरियम ने टैक्सी चालक धर्मवीर से विवाह किया और उसकी 1 साल की बेटी है। दूसरी महिला, शिवली उर्फ सना, ने सहारनपुर के कारपेंटर सलमान से निकाह किया, और उसका 10 महीने का बेटा है। दोनों महिलाएं अलग-अलग समय पर भारत में घुसपैठ करके यहां रह रही थीं और दिल्ली में मिलने के बाद एक साथ देहरादून आई थीं।

पुलिस ने उनकी तलाशी में दोनों के बांग्लादेशी पहचान पत्र बरामद किए हैं। कोतवाली पटेल नगर प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि दोनों महिलाओं को नियम अनुसार डिपोर्ट किया जाएगा।

ये गिरफ्तारी ऑपरेशन कालनेमि के तहत लगातार की जा रही कार्रवाई का हिस्सा है। इससे पहले भी देहरादून में 7 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर डिपोर्ट किया जा चुका है और 7 अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया है।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जिले भर की पुलिस टीमें लगातार चेकिंग और सत्यापन अभियान चला रही हैं, ताकि अवैध रूप से रह रहे लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा सके।


Spread the love
Ad