Spread the love

उत्तराखंड की रजत जयंती के अवसर पर 9 नवंबर को होने वाले मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर हाई सिक्योरिटी प्लान तैयार किया गया है। इस दौरान बिना जांच के किसी का प्रवेश नहीं होगा और ड्रोन उड़ाने पर भी पूरी तरह रोक रहेगी।

प्रधानमंत्री मोदी रविवार सुबह 11 बजे देहरादून एयरपोर्ट पहुंचेंगे और लगभग ढाई घंटे दून में रहेंगे। कार्यक्रम का मुख्य स्थल एफआरआई है, जहां राज्य स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान एक लाख लोगों के जुटने की उम्मीद जताई जा रही है। कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री के लिए राज्य के विकास की झलक दिखाने वाली गैलरी और सजावट की गई है।

एडीजी इंटेलीजेंस अभिनव कुमार ने निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम स्थल पर कोई भी व्यक्ति बिना जांच के प्रवेश न कर सके। केवल अधिकृत व्यक्तियों और उनके वाहनों को ही जांच के बाद अनुमति दी जाएगी। वीवीआईपी से मिलने वाले व्यक्तियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान रखा जाएगा।

आमजन के प्रवेश और निकासी के लिए पूर्व निर्धारित प्वॉइंट्स बनाए गए हैं, जहां हर व्यक्ति की जांच के बाद ही बैठने की अनुमति दी जाएगी। किसी को भी कार्यक्रम स्थल पर सामान ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वालों के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग व्यवस्था की गई है। नौ नवंबर को सुबह छह से शाम चार बजे तक विशेष यातायात प्लान लागू रहेगा। इसके अलावा एफआरआई से 100 मीटर आगे टी स्टेट पार्किंग तक हरे रंग की इलेक्ट्रिक बसों द्वारा शटल सेवा उपलब्ध कराई जाएगी, जो कार्यक्रम समाप्त होने के बाद लोगों को पार्किंग तक पहुँचाएंगी।


Spread the love
Ad